हरदोई में नाबालिग प्रेमी युगल की मौत से सनसनी, इंस्टाग्राम स्टेटस पर लिखा मेरी मौत हो चुकी है, आकर देख लो, गांव के बाहर दोनों के पेड़ से लटके मिले शव

हरदोई। अतरौली थाना क्षेत्र के सारंगपुर गांव में शुक्रवार को नाबालिग प्रेमी युगल की मौत से सनसनी फैल गई। गांव से करीब 500 मीटर दूर एक पेड़ पर दोनों के शव मिले। दोनों के अचानक लापता होने के बाद परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच युवक के इंस्टाग्राम स्टेटस ने परिवार की चिंता बढ़ा दी। स्टेटस में लिखा था, ?मेरी मौत हो चुकी है, देख लो आकर।? इसके बाद परिजन और ग्रामीण उनकी तलाश में जुट गए।
जानकारी के अनुसार, 16 वर्षीय कन्हैया राजपूत और 14 वर्षीय सविता एक ही गांव के रहने वाले थे। दोनों के शव गांव के बाहर एक पेड़ पर मिले। सूचना मिलते ही अतरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मूसलाधार बारिश के बीच पुलिस ने दोनों के शव नीचे उतरवाकर कब्जे में लिए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक सुबोध गौतम भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने पंचनामा भरकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। चर्चा है कि अलग-अलग जाति से होने के कारण उनके रिश्ते को लेकर परिवार में असहमति थी। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों की मौत के पीछे की परिस्थितियों और संभावित कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।