हरदोई में दबंगई की हद पार, पीड़ित को मुर्गा बनाकर पीटा, गाली-गलौज का वीडियो वायरल, कार्रवाई न होने पर दो माह बाद एसपी से गुहार

हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र में दबंगई और पुलिस की निष्क्रियता का मामला चर्चा में है। टड़ियावां गांव निवासी अमन गुप्ता उर्फ देवेंद्र गुप्ता पुत्र मनोहर गुप्ता ने आरोप लगाया है कि 8 जुलाई 2026 को दिन में करीब 1:37 बजे हरदोई शहर से मोटरसाइकिल से घर लौटते समय हेतमपुरवा के पास कुछ लोगों ने उसे अवैध असलहा दिखाकर रोक लिया। आरोप है कि गैंगलीडर अब्बास गाजी, टड़ियावां थाना के अयारी निवासी रवि वर्मा, भेलखड़ा निवासी अनमोल, हर्रई निवासी रामजी गुप्ता समेत दो-तीन अज्ञात लोगों ने उसे घेर लिया।
शिकायत के मुताबिक आरोपी अमन को मोटरसाइकिल समेत जबरन अपने साथ ले गए और मेडिकल कॉलेज के आगे गौरा डांडा के पास सुनसान स्थान पर ले जाकर मारपीट की। आरोप है कि वहां उसे मुर्गा बनाकर गाली-गलौज की गई और बारी-बारी से पीटा गया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं तेज हैं। वीडियो में कुछ लोग युवक के साथ अमानवीय तरीके से मारपीट और अभद्रता करते दिखाई दे रहे हैं।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायती पत्र में कहा गया है कि संबंधित लोग दबंग प्रवृत्ति के हैं और उनके डर से लोग शिकायत करने से भी बचते हैं।
अमन के अनुसार उसने 8 जुलाई को ही टड़ियावां थाने में लिखित तहरीर दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। सुनवाई न होने से परेशान पीड़ित ने 10 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। अब वायरल वीडियो के बाद पुलिस कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।