हरदोई पहुंचे यूपी सह प्रभारी अब्दुल हन्नान ने कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक, बोले- संगठन सृजन का 80 फीसद काम पूरा, 2027 में सम्मानजनक सीटों पर पूरी मजबूती से लड़ेंगे चुनाव

हरदोई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह प्रभारी अब्दुल हन्नान ने जिला कांग्रेस कार्यालय पर संगठन सृजन अभियान की समीक्षा की। उन्होंने जिले में संगठन की प्रगति की जानकारी लेते हुए शेष कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में करीब 80 फीसदी संगठन सृजन का काम पूरा हो चुका है। शेष कार्य भी अगले 10 दिनों में पूरा कर लिया जाए।
अब्दुल हन्नान ने कहा कि जिला और शहर कांग्रेस कमेटी बेहतर तरीके से काम कर रही हैं। ब्लॉक से लेकर जिला स्तर तक संगठन को मजबूत करने का काम लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुट जाना चाहिए। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के साथ ही जनता से सीधा संवाद बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी सम्मानजनक सीटों पर पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन को जीत दिलाने के लिए पार्टी ने कमर कस ली है। इंडिया गठबंधन के शीर्ष नेतृत्व के बीच सीटों को लेकर बातचीत चल रही है। चुनाव में कांग्रेस कितनी सीटों पर मैदान में उतरेगी, इसका फैसला शीर्ष नेतृत्व के स्तर पर बातचीत के बाद होगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस दौरान कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी, जिलाध्यक्ष विक्रम पांडे, शहर कमेटी अध्यक्ष अनुपम दीक्षित, पूर्व जिलाध्यक्ष अजय सिंह, मंजू मित्रा, अजीत विशाल नंदवंशी, ज्ञानू पाल समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।