हरदोई में चार वर्षीय मानवी हत्याकांड का खुलासा, खिलाने के बहाने बच्ची को खेत पर ले गया था हैवान, दुष्कर्म के बाद गला दबाकर की थी हत्या

हरदोई। लोनार थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव में चार वर्षीय मासूम मानवी की हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके चचेरे चाचा रिजबी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बच्ची को खिलाने के बहाने खेत पर ले जाकर उसके साथ गलत काम किया और राज खुलने के डर से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को बच्ची के पिता ध्यान सिंह ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनकी चार वर्षीय बेटी मानवी घर के बाहर खेलते समय लापता हो गई है। मामले में पुलिस ने तत्काल बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी और क्षेत्राधिकारी हरपालपुर के नेतृत्व में पुलिस की कई टीमें गठित की गईं।
15 नवंबर को गांव के बाहर एक बाग में बच्ची का शव बरामद हुआ था। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस पूछताछ में आरोपी रिजबी ने बताया कि वह दिल्ली में नौकरी करता है और दीपावली से पहले गांव आया था। 13 नवंबर को वह बच्ची को खिलाने के बहाने खेतों में ले गया, जहां उसने वारदात को अंजाम दिया। बच्ची के घर पर बताने के डर से हैवान ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 66, 65(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5एम/6 के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी सुनील मिश्रा, उपनिरीक्षक अक्षय मलिक, उपनिरीक्षक चंद्रप्रकाश दुबे, कांस्टेबल ओमप्रकाश बिंद, कृष्णमूर्ति मौर्य और विमलेश पटेल शामिल रहे।