हरदोई के बावन में धूमधाम से निकली शिव बरात, बड़ी संख्या में उमड़े श्रद्धालु, जगह-जगह हुआ बरात का स्वागत, विभिन्न लोगों की उपस्थिति ने पेश की खूबसूरत तस्वीर

हरदोई। बावन कस्बे में बुधवार को धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ भगवान शिव की भव्य बरात निकाली गई। इसके साथ ही रामलीला का शुभारंभ भी हुआ। शिव बरात में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे कस्बे में भक्तिमय माहौल बना रहा और जगह-जगह बरात का स्वागत किया गया।
शिव बरात में भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान गणेश और कार्तिकेय सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां सजाई गईं। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर श्रद्धालु जमकर झूमते नजर आए। बरात के दर्शन के लिए सड़कों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।
इस दौरान कस्बे में आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द की अनूठी मिसाल भी देखने को मिली। पूर्व प्रधान सैय्यद अनीसुल हसन के समर्थकों ने शिव बरात में शामिल श्रद्धालुओं को केले वितरित कर उनका स्वागत किया। मुस्लिम समाज के लोगों ने भी बरात में बढ़-चढ़कर सहभागिता की। विभिन्न समुदायों के लोगों की मौजूदगी ने गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत तस्वीर पेश की।
कार्यक्रम में मेला कमेटी अध्यक्ष अवधेश राठौर, महामंत्री शिवेंद्र शुक्ल (छुन्ना), ब्रजमोहन शुक्ला, अनुपम बाजपेई, राजू कन्नौजिया, करुणेश मिश्र, देवेंद्र मिश्रा, सचिन शुक्ला, रामवीर यादव, सौरभ अग्निहोत्री, जितेंद्र सिंह, वैद्य बाल शास्त्री, अक्षतानंद मिश्र (मनु), देश दीपक दीक्षित और भूपेंद्र अवस्थी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
आयोजकों के अनुसार, 9 दिसंबर को रावण वध होगा, जबकि 10 दिसंबर को रामलीला का समापन किया जाएगा।