हरदोई में एसपी का एक्शन, रिश्वत के आरोप में महिला आरक्षी निलंबित, लापरवाही पर दरोगा पर भी गिरी गाज

हरदोई। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप और ड्यूटी में लापरवाही के मामले में महिला आरक्षी समेत दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। दोनों मामलों में पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों के प्रति पूरी तरह सजग रहने की हिदायत दी है।
पहले मामले में आंकिक शाखा में संबद्ध उर्दू अनुवादक शकील अहमद पर 31 जनवरी 2024 को सेवानिवृत्त हुए उपनिरीक्षक मोहन लाल से वेतन संशोधन के बाद होने वाली रिकवरी न कराने का लालच देकर कथित रूप से उत्कोच मांगने का आरोप सामने आया है। सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक द्वारा उपलब्ध कराए गए स्क्रीनशॉट और बैंक ट्रांजेक्शन की जानकारी के आधार पर आंकिक शाखा में संबद्ध महिला आरक्षी मोहिनी रानी द्वारा फोन-पे के माध्यम से 65,010 रुपये प्राप्त किए जाने का गंभीर आरोप संज्ञान में आया। मामले में पुलिस अधीक्षक ने महिला आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
दूसरे मामले में थाना बेहटा गोकुल में तैनात उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस अनेकपाल सिंह पर सरकारी कार्य में रुचि नहीं लेने, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में लापरवाही बरतने तथा गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) के संबंध में समय से न्यायालय को आख्या न भेजने का आरोप है। पुलिस अधीक्षक ने इसे कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही मानते हुए उपनिरीक्षक को भी निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि ड्यूटी में उदासीनता या शिथिलता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसी लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।