बिलग्राम में 383वें उर्स-ए-वाहिदी तैय्यबी का निकला चादर जुलूस, सैकड़ों अकीदतमंद हुए शामिल, कल 3 सितंबर को तीन दिवसीय कार्यक्रम का होगा समापन

हरदोई। बिलग्राम नगर स्थित खानकाह-ए-वहीदिया तैय्यबिया, मोहल्ला सुल्हाड़ा की बड़ी दरगाह बिलग्राम शरीफ में 383वें उर्स-ए-वाहिदी तैय्यबी ताहिरी के अवसर पर बुधवार को चादर जुलूस निकाला गया। उर्स के दूसरे दिन आयोजित जुलूस में हरदोई के अलावा प्रदेश के विभिन्न जिलों और अन्य राज्यों से आए सैकड़ों अकीदतमंदों ने उत्साह और अकीदत के साथ शिरकत की।
चादर जुलूस बड़ी दरगाह शरीफ से शुरू होकर सुल्हाड़ा चौक, पंडित जी की गली और पीपल चौराहा होते हुए वापस दरगाह शरीफ पहुंचा। जुलूस के दौरान अकीदतमंदों ने धार्मिक नारों और दुआओं के साथ अपनी अकीदत का इजहार किया। पूरे मार्ग पर लोगों में उत्साह का माहौल रहा।
उर्स को लेकर खानकाह परिसर में विशेष तैयारियां की गई हैं। दरगाह शरीफ में दूर-दराज से पहुंच रहे जायरीन लगातार हाजिरी दे रहे हैं। उर्स का आयोजन खानकाह-ए-वहीदिया तैय्यबिया के सज्जादानशीन मीर सैय्यद मौलाना सुहैल मियां कादरी की मेजबानी में किया जा रहा है।
आयोजकों के मुताबिक, तीन दिवसीय उर्स का समापन गुरुवार 3 सितंबर को होगा। अंतिम दिन दोपहर 1:40 बजे कुल शरीफ का आयोजन किया जाएगा। उर्स के सभी प्रमुख कार्यक्रम सैयदा जैनब लॉन में आयोजित होंगे।
चादर जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों की मौजूदगी के चलते नगर में धार्मिक माहौल बना रहा। आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाएं भी की गईं। आयोजकों ने उर्स में आने वाले सभी जायरीन से कार्यक्रमों में अकीदत के साथ शामिल होने और व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।