सेवानिवृत्त 17 रेलकर्मियों को मिला 6.26 करोड़ से अधिक का समापन भुगतान

फिरोजपुर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल में अगस्त 2026 के दौरान सेवानिवृत्त हुए 17 रेलकर्मियों के लिए बुधवार को सम्मान और आर्थिक सुरक्षा का अवसर रहा। मंडल कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को 6.26 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का समापन देय भुगतान प्रदान किया।

सेवानिवृत्ति के बाद रेलकर्मियों को पीपीओ, ग्रेच्युटी, कम्यूटेशन, लीव इन कैशमेंट, जीआईएस और पीएफ सहित छह प्रकार के भुगतान किए जाते हैं। कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने सेवानिवृत्त रेलकर्मियों की दीर्घकालीन रेल सेवा के लिए आभार व्यक्त किया और उनके स्वस्थ, सुखद एवं समृद्ध जीवन की कामना की।

उन्होंने सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को सलाह दी कि सेवानिवृत्ति के बाद प्राप्त राशि का उपयोग सोच-समझकर और भविष्य को ध्यान में रखते हुए करें। वहीं, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी साक्षी सिंह ने साइबर धोखाधड़ी से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक नितिन गर्ग, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी साक्षी सिंह, वरिष्ठ मंडल अभियंता/समन्वय सुमित खुल्लर, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक गुरुशरण पाठक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।