त्योहारों पर यात्रियों को बड़ी राहत, फिरोजपुर कैंट-पटना के बीच चलेगी आरक्षित स्पेशल ट्रेन

त्योहारों पर यात्रियों को बड़ी राहत, फिरोजपुर कैंट-पटना के बीच चलेगी आरक्षित स्पेशल ट्रेन

6 अक्टूबर से 24 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार फिरोजपुर से पटना के लिए चलेगी ट्रेन, वापसी में बुधवार को पटना से होगी रवाना

फिरोजपुर। आगामी त्योहारों को देखते हुए यात्रियों की सुविधा और सुगम आवागमन के लिए रेलवे ने फिरोजपुर छावनी-पटना-फिरोजपुर छावनी के बीच आरक्षित त्योहार स्पेशल एक्सप्रेस चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 04616/04615 कुल 8-8 फेरे लगाएगी। इससे त्योहार के दौरान बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

6 अक्टूबर से शुरू होगी सेवा

ट्रेन संख्या 04616 फिरोजपुर कैंट-पटना आरक्षित त्योहार स्पेशल एक्सप्रेस 6 अक्टूबर से 24 नवंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को फिरोजपुर कैंट से दोपहर 12 बजे रवाना होगी और करीब 30 घंटे बाद अगले दिन शाम 6:35 बजे पटना पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 04615 पटना-फिरोजपुर कैंट आरक्षित त्योहार स्पेशल एक्सप्रेस 7 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को पटना से रात 8:20 बजे रवाना होगी और करीब 27 घंटे बाद रात 11:55 बजे फिरोजपुर कैंट पहुंचेगी।

मुरादाबाद समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव

यात्रियों की सुविधा के लिए दोनों दिशाओं में ट्रेन का ठहराव मोगा, लुधियाना, अंबाला कैंट, यमुनानगर-जगाधरी, सहारनपुर, रुड़की, नजीबाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, बालामऊ, आलमनगर, उतरेटिया, रायबरेली, मां बेल्हा देवी धाम (प्रतापगढ़), जंघई, वाराणसी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, रघुनाथपुर, आरा और दानापुर रेलवे स्टेशनों पर होगा।

18 कोच की होगी ट्रेन

त्योहार स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की अलग-अलग श्रेणियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, दो वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, नौ शयनयान और छह सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए आरक्षित त्योहार स्पेशल ट्रेन का लाभ उठाएं और अपनी यात्रा को सुविधाजनक एवं सुगम बनाएं।