साबरमती नदी पर बुलेट ट्रेन के 480 मीटर लंबे पुल का निर्माण पूरा

अहमदाबाद। मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत अहमदाबाद में साबरमती नदी पर 480 मीटर लंबे पुल का निर्माण पूरा कर लिया गया है। करीब 36 मीटर ऊंचा यह पुल लगभग 12 मंजिला इमारत के बराबर है और बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की प्रमुख संरचनाओं में शामिल है।

यह पुल साबरमती और अहमदाबाद बुलेट ट्रेन स्टेशनों के बीच स्थित है। साबरमती स्टेशन से इसकी दूरी करीब एक किलोमीटर और अहमदाबाद स्टेशन से करीब चार किलोमीटर है। पुल के आठ गोलाकार पियर्स बनाए गए हैं, जिनका व्यास छह से साढ़े छह मीटर के बीच है। इनमें चार पियर्स नदी तल के भीतर, दो नदी के दोनों किनारों पर और दो किनारों के बाहर बनाए गए हैं।

पुल में 76 मीटर के पांच और 50 मीटर के दो लंबे स्पैन शामिल हैं। प्रत्येक स्पैन में 23 सेगमेंट लगाए गए हैं। इनका निर्माण स्थल पर ही किया गया और प्रत्येक चरण में गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखा गया।

पुल का निर्माण बैलेंस्ड कैंटिलीवर विधि से किया गया है। इस तकनीक में नदी के भीतर पारंपरिक सहारा ढांचा लगाए बिना पियर्स से दोनों दिशाओं में संतुलित तरीके से सेगमेंट स्थापित कर पुल का डेक तैयार किया जाता है।

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में कुल 25 नदी पुल बनाए जा रहे हैं। इनमें 21 गुजरात और चार महाराष्ट्र में हैं। गुजरात में प्रस्तावित 21 नदी पुलों में से 18 का निर्माण अब पूरा हो चुका है।