अहमदाबाद मंडल में स्वच्छ ट्रैक मेगा अभियान, 15 किलोमीटर रेल ट्रैक पर हुआ श्रमदान

अहमदाबाद। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में शुक्रवार को ?स्वच्छ ट्रैक मेगा अभियान? चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश के नेतृत्व में आयोजित अभियान में अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वच्छता प्रहरियों, स्काउट एवं गाइड के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

साबरमती रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इसके बाद साबरमती से वटवा तक करीब 15 किलोमीटर रेल ट्रैक और स्टेशन परिसरों में श्रमदान कर व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान ट्रैक के आसपास के क्षेत्रों, स्टेशन परिसरों और अन्य रेलवे क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई।

अभियान के तहत मंडल के विभिन्न स्टेशनों के स्टेशन मास्टर, पर्यवेक्षक, सफाई कर्मचारियों और अन्य रेलकर्मियों ने अपने-अपने स्टेशनों से अगले स्टेशन तक ट्रैक एवं स्टेशन परिसर की सफाई में भाग लिया। अहमदाबाद, साबरमती, वीरमगाम, मालिया मियाणा, राधनपुर, ध्रांगध्रा, महेसाणा, पालनपुर, भुज, गांधीधाम, असारवा और हिम्मतनगर सहित विभिन्न स्टेशनों, यार्डों, रेलवे कॉलोनियों, स्वास्थ्य इकाइयों तथा ट्रैक किनारे के क्षेत्रों में भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।

स्वच्छता अभियान में रेलवे कर्मचारियों के साथ उनके परिवारों, रेलवे सुरक्षा बल, स्काउट एवं गाइड, स्वयंसेवी संगठनों और अन्य सहभागी समूहों ने भी भाग लिया। अभियान के दौरान रेलवे परिचालन को प्रभावित किए बिना और निर्धारित सुरक्षा सावधानियों का पालन करते हुए स्वच्छता गतिविधियां संचालित की गईं।

अहमदाबाद मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत 1 से 15 अक्टूबर तक विभिन्न स्वच्छता एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। 3 से 5 अक्टूबर तक गहन सफाई अभियान, 6 से 8 अक्टूबर तक ट्रैक किनारे एवं पुराने कचरे की सफाई, 9 से 10 अक्टूबर तक अनावश्यक पोस्टर-बैनर और गुटखा के दाग हटाने तथा 11 से 15 अक्टूबर तक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के प्रति जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित होंगी।

मंडल रेल प्रशासन का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों, ट्रैक, परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता को मजबूत करने के साथ यात्रियों, रेलकर्मियों और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। ?स्वच्छ ट्रैक मेगा अभियान? के माध्यम से स्वच्छ रेल और स्वच्छ रेलवे का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।