सात घंटे की जटिल सर्जरी से डॉक्टरों ने युवक को दिया नया जीवन, सामान्य हुई आंखों की रोशनी और दिमाग की कार्यक्षमता

कटरा। जम्मू-कश्मीर के ककरयाल स्थित श्री माता वैष्णो देवी नारायणा सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल (एसएमवीडीएनएसएच) के डॉक्टरों ने चिकित्सा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक को डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम ने सात घंटे तक चली बेहद जटिल आपातकालीन सर्जरी के जरिए नया जीवन दिया। युवक के मस्तिष्क, खोपड़ी, आंखों के आसपास की हड्डियों और चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं। सफल ऑपरेशन के बाद युवक की आंखों की रोशनी सामान्य हो गई और आंखों की गतिविधियां भी पूरी तरह ठीक हो गईं। सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि युवक को बिना किसी न्यूरोलॉजिकल परेशानी के एक सप्ताह के भीतर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल दुर्घटना के बाद युवक को गंभीर और बेहोशी की हालत में अस्पताल के आपातकालीन विभाग में लाया गया था। जांच में खोपड़ी में गंभीर फ्रैक्चर, मस्तिष्क में चोट, मस्तिष्क को ढकने वाली झिल्ली में कई जगह दरारें और आंख के ऊपरी हिस्से की हड्डी बुरी तरह टूटने की पुष्टि हुई। हड्डियों के कई टुकड़े खोपड़ी के अंदर चले गए थे, जिससे आंख ऊपर की ओर खिसक गई थी और उसकी रोशनी व आंखों की गतिविधियों पर गंभीर असर पड़ा था। इसके अलावा युवक के जबड़े की हड्डी भी टूट गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल की बहुविशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया। वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ. खुशवंत सिंह कंवल के नेतृत्व में सात घंटे तक जटिल ऑपरेशन किया गया। इस दौरान मस्तिष्क की चोटों का उपचार करने के साथ खोपड़ी और मस्तिष्क के अगले हिस्से की क्षतिग्रस्त संरचनाओं की मरम्मत की गई।

ऑपरेशन का सबसे चुनौतीपूर्ण हिस्सा आंख के ऊपरी हिस्से की बुरी तरह क्षतिग्रस्त हड्डी का पुनर्निर्माण करना था। डॉक्टरों ने युवक की ही टूटी हुई खोपड़ी से प्राप्त हड्डियों के टुकड़ों को विशेष तरीके से आकार देकर आंख के ऊपरी हिस्से की हड्डी का पुनर्निर्माण किया। इससे आंख को दोबारा सही स्थिति और सहारा देने में सफलता मिली। इसके बाद ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जन डॉ. अर्जुन मल्होत्रा ने ऑपरेशन के माध्यम से युवक के टूटे जबड़े की हड्डी को भी स्थिर कर उसकी मरम्मत की।

डॉ. खुशवंत सिंह कंवल ने बताया कि सिर की गंभीर चोटों में समय पर उपचार बेहद महत्वपूर्ण होता है। यह मामला मस्तिष्क, खोपड़ी, आंख और चेहरे की हड्डियों से जुड़ी अत्यंत जटिल चोटों का था। ऐसे मामलों में सटीक सर्जिकल योजना, विशेषज्ञता और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल से ही सफल परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

अस्पताल के फैसिलिटी डायरेक्टर डॉ. यश पाल शर्मा ने कहा कि यह सफलता अस्पताल की आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और विशेषज्ञ डॉक्टरों की सामूहिक कार्यक्षमता का प्रमाण है। गंभीर अवस्था में पहुंचे मरीज की आंखों की रोशनी और न्यूरोलॉजिकल कार्यक्षमता का सामान्य होना पूरे चिकित्सा दल के लिए बेहद संतोषजनक उपलब्धि है। अस्पताल क्षेत्र के मरीजों को बेहतर आपातकालीन और आधुनिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

सात घंटे की जटिल सर्जरी के बाद युवक की हालत में लगातार सुधार हुआ और दुर्घटना के एक सप्ताह के भीतर उसे स्वस्थ स्थिति में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। डॉक्टरों की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि समय पर बेहतर उपचार, आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीमवर्क से गंभीर से गंभीर मरीजों को भी नया जीवन दिया जा सकता है।