जम्मू मंडल में मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस, भगवान बिरसा मुंडा को पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में 12 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सीमा वी. वर्मा ने किया। इस दौरान महान स्वतंत्रता सेनानी और जनजातीय समाज के गौरव धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक अक्षय कुमार मरन्टू, वरिष्ठ मंडल अभियंता शुभम पवार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी मौजूद रहे।

समारोह में वक्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष, जनजातीय समाज के अधिकारों और भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने कम उम्र में ही अन्याय और शोषण के खिलाफ आवाज उठाकर जनजातीय समाज में नई चेतना जगाई। उनका जीवन त्याग, साहस, देशभक्ति और सामाजिक न्याय की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम के दौरान विचार गोष्ठी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत को भी प्रस्तुत किया गया।

जम्मू मंडल के अधिकारियों ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाना तथा जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास के प्रति जागरूकता और सम्मान बढ़ाना है।