सरयू-कमला एक्सप्रेस से जुड़ेंगे अयोध्या और जनकपुर, भारत-नेपाल के धार्मिक और सांस्कृतिक रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती: योगी आदित्यनाथ

भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या और माता जानकी की जन्मभूमि जनकपुर के बीच सदियों पुराने धार्मिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक रिश्तों को अब रेल संपर्क के माध्यम से नई मजबूती मिलेगी। सरयू-कमला एक्सप्रेस भारत और नेपाल के बीच आवागमन को आसान बनाने के साथ धार्मिक पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी। अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे भारत-नेपाल की ऐतिहासिक मित्रता और साझा विरासत को आगे बढ़ाने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरासत और विकास के विजन का यह महत्वपूर्ण उदाहरण है। इस रेल सेवा से नेपाल के श्रद्धालु अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन कर सकेंगे, वहीं भारत के श्रद्धालुओं को जनकपुर धाम जाकर माता जानकी के दर्शन करने में सुविधा मिलेगी। यह ट्रेन दोनों देशों की चिरस्थायी मित्रता, धार्मिक आस्था और आर्थिक संबंधों को नई गति प्रदान करेगी।

राम-जानकी परंपरा को मिलेगा नया विस्तार

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता केवल दो पड़ोसी देशों का संबंध नहीं है, बल्कि हजारों वर्षों की साझा संस्कृति, आस्था और पारिवारिक परंपराओं से जुड़ा है। इसे राम-जानकी की परंपरा में रोटी-बेटी का रिश्ता कहा जाता है। भगवान श्रीराम और माता जानकी के विवाह से जुड़ी स्मृतियां आज भी अयोध्या और मिथिला क्षेत्र में जीवंत हैं।

उन्होंने कहा कि अयोध्या के लोग जनकपुर को अपना ससुराल मानते हैं, जबकि मिथिला क्षेत्र में भगवान श्रीराम को पाहुन के रूप में विशेष सम्मान दिया जाता है। विवाह पंचमी जैसे धार्मिक आयोजनों में दोनों क्षेत्रों की सांस्कृतिक एकता दिखाई देती है।

10 महत्वपूर्ण स्टेशनों पर होगा ठहराव

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरयू-कमला एक्सप्रेस उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के 10 महत्वपूर्ण मध्यवर्ती स्टेशनों पर रुकेगी। यह ट्रेन सीतामढ़ी के पुनौरा धाम से होकर गुजरेगी, जहां माता जानकी को समर्पित भव्य मंदिर और आध्यात्मिक नगरी का निर्माण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस रेल सेवा से रामायण सर्किट और बौद्ध सर्किट को भी विस्तार मिलेगा। धार्मिक यात्रियों के साथ व्यापारियों और आम नागरिकों को भी इसका लाभ मिलेगा।

पर्यटन और स्थानीय रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बेहतर रेल संपर्क से सीमावर्ती क्षेत्रों में धार्मिक पर्यटन, होटल व्यवसाय, स्थानीय हस्तशिल्प, परिवहन और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। विशेष रूप से जनकपुर की मिथिला पेंटिंग से जुड़ी महिला कारीगरों को अपने उत्पाद नए बाजारों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय रोजगार और महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण को भी गति मिलेगी।

भारत-नेपाल संपर्क को मजबूत कर रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार 'पड़ोसी प्रथम' की नीति के तहत भारत-नेपाल संबंधों को मजबूत करने के लिए सड़क, रेल, डिजिटल और व्यापारिक संपर्क का विस्तार कर रही हैं। रुपईडीहा में लैंड पोर्ट, सोनौली-भैरहवा में एकीकृत जांच चौकी और विभिन्न सड़क परियोजनाएं इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

उन्होंने अयोध्या में बढ़ती रेल और हवाई सुविधाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि अब अयोध्या आधुनिक बुनियादी ढांचे के साथ धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हो रही है। सरयू-कमला एक्सप्रेस इस विकास यात्रा को और आगे बढ़ाएगी।

कार्यक्रम में दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव उपस्थित रहे। अयोध्या में प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश पांडे और मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं रेलवे अधिकारी मौजूद रहे।