त्योहार के बाद बिहार से लौटने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बढ़ाईं व्यवस्थाएं, रेल मंत्री कर रहे लगातार निगरानी

त्योहार के बाद बिहार से लौटने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बढ़ाईं व्यवस्थाएं, रेल मंत्री कर रहे लगातार निगरानी

त्योहार समाप्त होने के बाद बिहार से देश के विभिन्न हिस्सों में लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने व्यापक तैयारियां की हैं। यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष ट्रेनें चलाने के साथ भीड़ प्रबंधन के इंतजाम मजबूत किए गए हैं। रेल मंत्री स्वयं रेलवे के परिचालन और यात्री सुविधाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

रेल मंत्री ने पटना, मुजफ्फरपुर, राजेंद्र नगर, दरभंगा और दानापुर सहित बिहार के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर पहुंचकर भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर उत्तर पूर्व रेलवे, उत्तर मध्य रेलवे और उत्तर रेलवे ने वापसी करने वाले यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए समन्वित योजनाएं लागू की हैं।

प्रयागराज, आगरा और झांसी मंडलों सहित उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में विशेष निगरानी कक्ष बनाए गए हैं। यहां अधिकारी यात्रियों की आवाजाही और ट्रेनों के संचालन पर लगातार नजर रख रहे हैं। यात्रियों की संख्या के अनुसार विशेष अनारक्षित और आरक्षित ट्रेनों का संचालन भी किया जा रहा है।

स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष होल्डिंग क्षेत्र बनाए गए हैं। इनमें यात्रियों के बैठने, पेयजल, स्वच्छता और उद्घोषणा सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं, उधना रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों की भारी संख्या को देखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत फुट ओवरब्रिज, प्रवेश और निकास द्वारों पर रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस, वाणिज्यिक कर्मचारियों और चिकित्सा टीमों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे कर्मचारियों का सहयोग करें और सुरक्षित यात्रा के लिए स्टेशन पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।