समदड़ी यार्ड में निर्माण कार्य, कई ट्रेनें रद्द और मार्ग परिवर्तित

समदड़ी यार्ड में निर्माण कार्य से कई रेलसेवाएं प्रभावित

जोधपुर। जोधपुर मंडल के समदड़ी-लूनी रेलखंड के बीच समदड़ी यार्ड में फुट ओवर ब्रिज तथा दुदिया और दुदाड़ा स्टेशनों पर सबवे निर्माण कार्य के लिए ब्लॉक लिया जा रहा है। इसके चलते उत्तर पश्चिम रेलवे की कई रेलसेवाएं आंशिक रूप से रद्द, मार्ग परिवर्तित और रीशड्यूल रहेंगी।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 14896 बाड़मेर-भगत की कोठी 4, 11, 16 और 23 अक्टूबर को बाड़मेर से रवाना होकर समदड़ी तक ही संचालित होगी। यह रेलसेवा समदड़ी-भगत की कोठी के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी। वहीं गाड़ी संख्या 14893 भगत की कोठी-पालनपुर 4, 11, 16 और 23 अक्टूबर को भगत की कोठी के बजाय समदड़ी से रवाना होगी। इस कारण भगत की कोठी-समदड़ी के बीच रेलसेवा आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 20485 जैसलमेर-साबरमती 4, 6, 11, 16 और 23 अक्टूबर को परिवर्तित मार्ग वाया लूनी-मरवाड़-महेसाना होकर संचालित होगी। इस दौरान पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, फालना, आबूरोड और पालनपुर स्टेशनों पर ठहराव रहेगा। वापसी में गाड़ी संख्या 20486 साबरमती-जैसलमेर भी इन्हीं तिथियों में परिवर्तित मार्ग वाया महेसाना-मरवाड़-लूनी होकर चलेगी और पालनपुर, आबूरोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन तथा पाली मारवाड़ स्टेशनों पर ठहरेगी।

वहीं गाड़ी संख्या 74839 भगत की कोठी-बाड़मेर 4 और 16 अक्टूबर को निर्धारित समय से तीन घंटे की देरी से रवाना होगी। गाड़ी संख्या 14887 ऋषिकेश-बाड़मेर 3 और 15 अक्टूबर को निर्धारित समय से दो घंटे 30 मिनट की देरी से संचालित होगी।

रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी रेलसेवा की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।