सतलाना स्टेशन पर ब्रिज और सबवे निर्माण से रेल यातायात प्रभावित, कई ट्रेनें रहेंगी आंशिक रद्द

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के लूनी-समदड़ी-भीलड़ी रेलखंड के सतलाना स्टेशन पर ब्रिज संख्या 04 एवं सबवे निर्माण कार्य के लिए ब्लॉक लिया जाएगा। निर्माण कार्य के चलते निर्धारित तिथियों पर इस रेलखंड की कई रेल सेवाएं आंशिक रूप से रद्द, मार्ग परिवर्तित और पुनर्निर्धारित रहेंगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार निर्माण कार्य के कारण निम्न रेल सेवाएं प्रभावित रहेंगी।

समदड़ी तक ही चलेगी बाड़मेर-भगत की कोठी ट्रेन

गाड़ी संख्या 14896 बाड़मेर-भगत की कोठी 22 सितंबर, 29 सितंबर, 27 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को बाड़मेर से रवाना होकर समदड़ी तक ही संचालित होगी। इसके चलते समदड़ी-भगत की कोठी के बीच यह रेल सेवा आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

वहीं, गाड़ी संख्या 14893 भगत की कोठी-पालनपुर इन सभी तिथियों पर भगत की कोठी के बजाय समदड़ी से रवाना होगी। यानी भगत की कोठी-समदड़ी के बीच रेल सेवा आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

जैसलमेर-साबरमती रेल सेवा बदले मार्ग से चलेगी

गाड़ी संख्या 20485 जैसलमेर-साबरमती 22 सितंबर, 29 सितंबर, 27 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को परिवर्तित मार्ग लूनी-मारवाड़-महेसाना होकर संचालित होगी। परिवर्तित मार्ग पर यह ट्रेन पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, फालना, आबूरोड और पालनपुर स्टेशनों पर ठहरेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 20486 साबरमती-जैसलमेर भी उक्त तिथियों पर महेसाना-मारवाड़-लूनी होकर चलेगी। परिवर्तित मार्ग पर पालनपुर, आबूरोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन और पाली मारवाड़ स्टेशनों पर ठहराव दिया जाएगा।

कई ट्रेनों के समय में बदलाव

गाड़ी संख्या 74839 भगत की कोठी-बाड़मेर 22 सितंबर और 27 अक्टूबर को निर्धारित समय से तीन घंटे की देरी से रवाना होगी। वहीं 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को यह ट्रेन दो घंटे की देरी से प्रस्थान करेगी।

गाड़ी संख्या 14887 ऋषिकेश-बाड़मेर 21 सितंबर और 26 अक्टूबर को अपने निर्धारित समय से दो घंटे 30 मिनट की देरी से ऋषिकेश से रवाना होगी। जबकि 29 और 31 अक्टूबर को यह ट्रेन एक घंटा 30 मिनट की देरी से चलेगी।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि इन तिथियों में यात्रा करने से पहले अपनी ट्रेन के संचालन, मार्ग और समय की जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।