महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने किया देशनोक रेलवे स्टेशन का निरीक्षण, यात्री सुविधाओं का लिया जायजा

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने शुक्रवार को जोधपुर मंडल के देशनोक रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई और विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण से पहले महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने देशनोक स्थित प्रसिद्ध करणी माता मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित देशनोक रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया।

महाप्रबंधक ने नवनिर्मित स्टेशन भवन के साथ सर्कुलेटिंग एरिया, बुकिंग विंडो, आधुनिक प्रतीक्षालय, डॉरमेट्री, स्टेशन कक्ष, आईपीएस कक्ष, जलाशय, स्टेशन यार्ड और दिव्यांगजन के लिए बनाए गए शौचालय सहित अन्य यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से स्टेशन पर यात्रियों के सुगम आवागमन और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

उन्होंने स्टेशन परिसर में साफ-सफाई और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।

उल्लेखनीय है कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित देशनोक रेलवे स्टेशन के स्टेशन भवन का उद्घाटन 22 मई 2025 को किया गया था। पुनर्विकास के बाद स्टेशन पर यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाओं में बढ़ोतरी हुई है और स्टेशन परिसर को अधिक सुविधाजनक एवं यात्री अनुकूल बनाया गया है।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र में रेल सुविधाओं और विकास कार्यों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर/दूरसंचार अनुपम कुमार, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर श्रीचंद पूनिया, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी रामनिवास, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर यांत्रिक जोगेंद्र मीणा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर/बिजली महेंद्र कुमार सहित मंडल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।