सक्ती रेलवे स्टेशन पर पेयजल गुणवत्ता की विशेष जांच, यात्रियों को स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने पर जोर

बिलासपुर। यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा स्टेशनों पर पेयजल व्यवस्था की नियमित निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में सक्ती रेलवे स्टेशन पर विशेष पेयजल गुणवत्ता जांच अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्टेशन के विभिन्न पेयजल स्थलों का निरीक्षण किया। टीम ने पेयजल के नमूने एकत्र कर उनकी गुणवत्ता की जांच की। इसके साथ ही पेयजल स्थलों की स्वच्छता, पानी की उपलब्धता, जल वितरण व्यवस्था और यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का भी जायजा लिया गया।

अभियान महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के मार्गदर्शन और प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक के नेतृत्व में संचालित किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पेयजल को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने के साथ ही जल स्थलों की स्वच्छता और उचित रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया।

निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को पेयजल व्यवस्था की नियमित निगरानी करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा यात्रियों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे यात्रियों के स्वास्थ्य और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए स्टेशनों पर पेयजल गुणवत्ता की लगातार निगरानी कर रहा है। विभिन्न स्टेशनों पर समय-समय पर विशेष जांच अभियान चलाकर पानी की गुणवत्ता के साथ स्वच्छता और अन्य संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की जा रही है।

रेल प्रशासन का उद्देश्य यात्रियों को यात्रा के दौरान स्वच्छ पेयजल और बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए पेयजल एवं स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी और समीक्षा का कार्य लगातार जारी रहेगा।