स्वच्छता पखवाड़े में प्रभात फेरी और पौधारोपण से दिया स्वच्छता का संदेश

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में स्वच्छता पखवाड़े के तहत 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस और एक पेड़ मां के नाम थीम पर स्वच्छता शपथ प्रभात फेरी और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। ओल्ड ऑफिसर क्लब परिसर में महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।

इसके बाद महाप्रबंधक तरुण प्रकाश सेक्रो अध्यक्षा मीनाक्षी शर्मा अपर महाप्रबंधक विजय कुमार साहू मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन सहित विभागाध्यक्षों और कर्मचारियों ने पौधारोपण किया। इस दौरान स्वच्छ और हरित रेलवे परिसर विकसित करने के साथ पर्यावरण संरक्षण में सामूहिक भागीदारी का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में रेलवे स्कूल के विद्यार्थियों ने स्वच्छता पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ भारत विषय पर कला शिल्प एवं चित्रकला प्रदर्शनी लगाई। यांत्रिक विभाग की ओर से कबाड़ से जुगाड़ थीम पर तैयार कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।

मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन ने स्वच्छता शपथ दिलाई। इसके बाद उनके नेतृत्व में तितली चौक होते हुए ओल्ड ऑफिसर क्लब तक प्रभात फेरी निकाली गई। इसमें अधिकारियों कर्मचारियों के साथ खेल संघ सिविल डिफेंस भारत स्काउट एंड गाइड सेंट जॉन्स एम्बुलेंस नागरिक सुरक्षा दल और रेलवे स्कूलों के विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

बिलासपुर रायपुर और नागपुर मंडलों के कार्यालयों स्टेशनों कार्यशालाओं कोचिंग डिपो और माल शेड सहित विभिन्न परिसरों में भी स्वच्छता शपथ और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रभात फेरी के माध्यम से यात्रियों और आम नागरिकों को कचरा निर्धारित स्थान पर डालने प्लास्टिक का उपयोग कम करने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।