शॉर्ट सर्किट से कपड़े की थोक दुकान में लगी भीषण। आग 25 लाख से अधिक का सामान राख

विशेश्वरगंज बहराइच।थाना विशेश्वरगंज के निकट शिवशक्ति कॉम्प्लेक्स में बुधवार की आधी रात किराए पर संचालित संतोष गारमेंट की कपड़े की थोक दुकान में विद्युत शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा कपड़ा, कंप्यूटर, लैपटॉप, प्रिंटर समेत लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित के अनुसार दुकान में 25 लाख रुपये से अधिक कीमत का कपड़ा रखा हुआ था।बताया जाता है कि शिवशक्ति कॉम्प्लेक्स के मालिक नंदन पांडे के परिसर में संतोष गारमेंट के नाम से उक्त दुकान किराए पर संचालित थी। दुकान की प्रोपराइटर सुशीला देवी हैं। उनके भाई संतोष कुमार दुकान की देखरेख करते हैं। संतोष कुमार ने बताया कि बुधवार शाम रोज की तरह दुकान बंद कर वह अपने घर ग्राम नेवलापुर चले गए थे। रात करीब दो बजे उन्हें दुकान में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे तो दुकान पूरी तरह आग की लपटों से घिरी हुई थी।उन्होंने बताया कि शटर उठाकर देखा तो दुकान के अंदर रखा कपड़ा, कंप्यूटर, लैपटॉप, प्रिंटर समेत अन्य सामान धू-धूकर जल रहा था। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना दमकल विभाग को दी। संतोष कुमार का आरोप है कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद दमकल टीम घटनास्थल पर पहुंची। तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। दमकल कर्मियों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया।पीड़ित संतोष कुमार के मुताबिक दुकान में 25 लाख रुपये से अधिक कीमत का थोक कपड़ा रखा था, जो आग में पूरी तरह नष्ट हो गया। घटना के संबंध में स्थानीय थाने में तहरीर देकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण विद्युत शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।