शाहाबाद में विपिन मोदी के समर्थन में महा पदयात्रा, भाजपा से टिकट की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन, भीड़ देखकर अन्य दावेदारों में हड़कंप

हरदोई। शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को मोदी राठौर युवा सेना के तत्वावधान में विपिन मोदी के समर्थन में महा पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा के दौरान समर्थकों ने 2027 के विधानसभा चुनाव में विपिन मोदी को भाजपा से प्रत्याशी बनाए जाने की मांग उठाई। भाजपा के समर्थन में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। 
पदयात्रा गोल्डन मैरिज लॉन से शुरू होकर कटरा मोहल्ला, दिलेरगंज, अल्लापुर चौराहा, हाईवे मंडी और बस अड्डा चौराहा होते हुए वापस गोल्डन मैरिज लॉन पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान समर्थकों ने भाजपा नेतृत्व से शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र से विपिन मोदी को टिकट देने की मांग की।
पदयात्रा के बाद मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया। ज्ञापन में अल्लापुर चौराहे से बाईपास होते हुए पाली रोड तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण को रोकने तथा बाईपास को शाहाबाद शहर के बाहर से निकाले जाने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई। इसके साथ ही विपिन मोदी को भाजपा से टिकट दिए जाने की मांग भी शामिल रही।
आयोजकों के अनुसार, पदयात्रा में शाहाबाद क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे। मोदी राठौर युवा सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विपिन मोदी की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों ने भाजपा के समर्थन में जनसंपर्क किया और पार्टी नेतृत्व के समक्ष अपनी मांग रखी।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष रोहित राठौर, राष्ट्रीय महामंत्री सोमेन्द्र राठौर, राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी सोनू राठौर, सुधीर राठौर, अमन राठौर, पवन राठौर, विपिन राठौर, निलेश राठौर, रामू राठौर, शिवपूजन राठौर, राहुल तथा राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी संजीव राठौर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।