शामलाजी रोड यार्ड में तकनीकी कार्य, चार रेलसेवाएं आंशिक रद्द

शामलाजी रोड स्टेशन यार्ड में तकनीकी कार्य, कई रेलसेवाएं प्रभावित

रेलवे द्वारा अजमेर मंडल के उदयपुर सिटी-हिम्मतनगर रेलखंड स्थित शामलाजी रोड स्टेशन यार्ड में नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किया जा रहा है। इसके चलते कई रेलसेवाएं आंशिक रूप से रद्द रहेंगी, जबकि एक रेलसेवा को निर्धारित समय से देरी से संचालित किया जाएगा।

गाड़ी संख्या 19822 कोटा-असारवा रेलसेवा 29 सितंबर और 2 अक्टूबर को कोटा से रवाना होकर उदयपुर सिटी तक ही संचालित होगी। ऐसे में उदयपुर सिटी-असारवा के बीच यह रेलसेवा आंशिक रूप से रद्द रहेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 19821 असारवा-कोटा रेलसेवा 30 सितंबर और 3 अक्टूबर को असारवा के बजाय उदयपुर सिटी से रवाना होगी। इस कारण असारवा-उदयपुर सिटी के बीच रेलसेवा आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

इसी तरह गाड़ी संख्या 01905 कानपुर सेंट्रल-असारवा रेलसेवा 28 सितंबर और 5 अक्टूबर को कानपुर सेंट्रल से चलकर उदयपुर सिटी तक ही संचालित होगी। उदयपुर सिटी-असारवा के बीच यह रेलसेवा आंशिक रूप से रद्द रहेगी। गाड़ी संख्या 01906 असारवा-कानपुर सेंट्रल रेलसेवा 29 सितंबर और 6 अक्टूबर को असारवा के बजाय उदयपुर सिटी से रवाना होगी तथा असारवा-उदयपुर सिटी के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 69243 असारवा-चित्तौड़गढ़ रेलसेवा 4 और 5 अक्टूबर को अपने निर्धारित समय से एक घंटे की देरी से असारवा से रवाना होगी। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले रेलसेवा की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।