जयपुर में नौ टीमों के करीब 75 साइक्लिस्टों ने लिया हिस्सा, उत्तर रेलवे बना ओवरऑल चैंपियन

63वीं अखिल भारतीय रेलवे ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप संपन्न

जयपुर में नौ टीमों के करीब 75 साइक्लिस्टों ने लिया हिस्सा, उत्तर रेलवे बना ओवरऑल चैंपियन

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में सवाई मानसिंह स्टेडियम स्थित साइक्लिंग वेलोड्रोम में 22 से 24 सितंबर तक आयोजित 63वीं अखिल भारतीय रेलवे ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप का गुरुवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में नौ टीमों के करीब 75 साइक्लिस्टों ने उत्साह और दमखम के साथ विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने विजेता खिलाड़ियों और टीमों को प्रशस्ति पत्र, पदक एवं नकद पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि साइक्लिंग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक दृढ़ता और साहस का भी प्रतीक है। खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है और उम्मीद है कि वे अपने खेल के माध्यम से भारतीय रेलवे के साथ देश का नाम भी रोशन करेंगे।

चैंपियनशिप में कुल आठ स्पर्धाएं आयोजित की गईं। अंतिम दिन तीन स्पर्धाओं के फाइनल मुकाबले हुए। चार किलोमीटर टीम परस्यूट में मध्य रेलवे की टीम ने स्वर्ण पदक, दक्षिण पश्चिम रेलवे ने रजत और उत्तर रेलवे ने कांस्य पदक जीता।

20 किलोमीटर पॉइंट रेस में उत्तर रेलवे के नीरज कुमार ने स्वर्ण पदक हासिल किया। नॉर्थ फ्रंटियर रेलवे के एसो ने रजत और मध्य रेलवे के अथर्व अशोक पाटिल ने कांस्य पदक जीता। वहीं केरिन रेस में दक्षिण पूर्व रेलवे के अमीर रियाज ने स्वर्ण, उत्तर रेलवे के विश्वजीत सिंह ने रजत और दक्षिण पश्चिम रेलवे के वेंकप्पा केनगलगट्टी ने कांस्य पदक हासिल किया।

प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर उत्तर रेलवे की टीम को ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया, जबकि मध्य रेलवे की टीम दूसरे स्थान पर रही। शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए उत्तर रेलवे के नीरज कुमार को सर्वश्रेष्ठ राइडर के खिताब से नवाजा गया।

महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन को भी नकद पुरस्कार प्रदान किया। समारोह में अपर महाप्रबंधक अशोक माहेश्वरी, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी शिवेंद्र मोहन, जयपुर मंडल रेल प्रबंधक रवि जैन, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन सहित रेलवे के अधिकारी, कर्मचारी, खिलाड़ी, आयोजन समिति के सदस्य और मीडियाकर्मी मौजूद रहे।