शंकरगढ़ से पहली कंटेनर कार्गो रेक रवाना, प्रयागराज मंडल को मिला 28.68 लाख रुपये का मालभाड़ा राजस्व

प्रयागराज। प्रयागराज मंडल ने माल परिवहन और रेलवे के राजस्व में वृद्धि की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। शनिवार को शंकरगढ़ (एसआरजे) मालगोदाम से पहली कंटेनर कार्गो रेक का सफलतापूर्वक लदान कर सनतनगर (सीएसटीएन) के लिए दोपहर 2:45 बजे रवाना किया गया। इस एक रेक के प्रेषण से रेलवे को 28.68 लाख रुपये का मालभाड़ा राजस्व प्राप्त हुआ है।

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) शीरत फातिमा के नेतृत्व में शुरू की गई इस पहल से प्रयागराज मंडल में माल परिवहन की नई संभावनाएं खुलेंगी। रेलवे की योजना शंकरगढ़ मालगोदाम से हर महीने 5 से 6 कंटेनर कार्गो रेक भेजने की है। इससे मंडल को प्रतिमाह लगभग 1.80 करोड़ रुपये का मालभाड़ा राजस्व मिलने का अनुमान है।

इस उपलब्धि को हासिल करने में प्रयागराज मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम के लगातार प्रयासों, व्यापारिक समन्वय और प्रभावी कार्ययोजना के चलते शंकरगढ़ से कंटेनर कार्गो परिचालन की शुरुआत संभव हो सकी।

इस अवसर पर आयोजित फ्लैग ऑफ कार्यक्रम में सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) कृष्ण कुमार, कॉनकॉर के जूही टर्मिनल मैनेजर अब्बास रिजवी, एम/एस सीजे डार्कल के सूर्यनारायण सिंह सहित रेलवे के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

शंकरगढ़ से कंटेनर कार्गो रेक का परिचालन शुरू होना प्रयागराज मंडल के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे माल परिवहन के विकल्पों में विस्तार होगा, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और रेलवे की आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि की उम्मीद है।