वैष्णो देवी कटड़ा से साबरमती जाने वाली दो ट्रेनों में बढ़ेंगे अतिरिक्त कोच, यात्रियों को मिलेंगी अतिरिक्त बर्थ

वैष्णो देवी कटड़ा से साबरमती जाने वाली दो ट्रेनों में बढ़ेंगे अतिरिक्त कोच, यात्रियों को मिलेंगी अतिरिक्त बर्थ

जम्मू। यात्रियों की बढ़ती भीड़ और प्रतीक्षा सूची को देखते हुए जम्मू मंडल रेलवे ने यात्रियों को राहत देने के लिए श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से साबरमती जाने वाली दो ट्रेनों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है। इस व्यवस्था से शीतकालीन सीजन में यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने की संभावना बढ़ेगी और सफर अधिक सुविधाजनक होगा।

रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 19224 (श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-साबरमती) में 1, 2 और 3 दिसंबर 2026 को एक अतिरिक्त थर्ड एसी कोच लगाया जाएगा। वहीं, ट्रेन संख्या 19416 (श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-साबरमती) में 1 दिसंबर 2026 को एक अतिरिक्त थर्ड एसी और एक स्लीपर कोच अस्थायी रूप से जोड़ा जाएगा।

अतिरिक्त कोच लगाए जाने से यात्रियों के लिए बर्थ की उपलब्धता बढ़ेगी और प्रतीक्षा सूची के यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

जम्मू मंडल रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले हेल्पलाइन नंबर 139, नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (एनटीईएस) या आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आरक्षण और कोच की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। रेलवे ने सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक रेल यात्रा उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।