जम्मू मंडल आरपीएफ की बड़ी उपलब्धि: ऑपरेशन 'नन्हे फरिश्ते' से 58 बच्चों को बचाया, 76.29 लाख का सामान यात्रियों को लौटाया

जम्मू मंडल आरपीएफ की बड़ी उपलब्धि: ऑपरेशन 'नन्हे फरिश्ते' से 58 बच्चों को बचाया, 76.29 लाख का सामान यात्रियों को लौटाया

ऑपरेशन 'अमानत' के तहत 450 छूटे हुए सामान बरामद कर असली मालिकों को सौंपे, आरपीएफ ने पेश की मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल

जम्मू।रेलवे सुरक्षा बल जम्मू मंडल ने यात्री सुरक्षा, बाल संरक्षण और यात्रियों के सामान की सुरक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करते हुए मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आदित्य के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आरपीएफ ने ऑपरेशन 'नन्हे फरिश्ते' के तहत 58 बच्चों को सुरक्षित बचाया, जबकि ऑपरेशन 'अमानत' के तहत 76 लाख 29 हजार 661 रुपये से अधिक मूल्य का यात्रियों का छूटा हुआ सामान बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाया।

ऑपरेशन 'नन्हे फरिश्ते' में 58 बच्चों को मिला सुरक्षा का सहारा

आरपीएफ ने रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में भटके हुए, घर से भागे हुए तथा बिछड़े हुए कुल 58 बच्चों को सुरक्षित बचाया। इनमें 40 लड़के और 18 लड़कियां शामिल हैं। बचाए गए बच्चों में 44 घर से भागे हुए, 5 ट्रेन एवं स्टेशन पर छूटे हुए और 9 गुमशुदा बच्चे शामिल हैं। सभी बच्चों को नियमानुसार आवश्यक देखभाल एवं सहायता प्रदान करने के बाद संबंधित एनजीओ को सुरक्षित सौंप दिया गया।

ऑपरेशन 'अमानत' में 76.29 लाख रुपये का सामान लौटाया

1 जनवरी 2026 से 26 नवंबर 2026 तक चलाए गए ऑपरेशन 'अमानत' के तहत जम्मू मंडल आरपीएफ ने ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के छूटे हुए कुल 450 सामान बरामद किए। इनकी अनुमानित कीमत 76,29,661 रुपये है। आरपीएफ ने सभी सामान उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाकर ईमानदारी और जिम्मेदारी का परिचय दिया।

इस अभियान में जम्मू यूनिट ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए 39,02,120 रुपये मूल्य के 160 सामान बरामद कर यात्रियों को लौटाए। वहीं श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा यूनिट ने 11,92,135 रुपये मूल्य के 91 सामान बरामद कर उनके मालिकों को सुपुर्द किए। पठानकोट कैंट सहित मंडल की अन्य यूनिटों ने भी अभियान में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

आरपीएफ जम्मू मंडल की इन उपलब्धियों से रेल यात्रियों के बीच सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत हुई है। मंडल रेल यात्रियों, विशेषकर बच्चों एवं महिलाओं की सुरक्षित और सुखद यात्रा सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है।

आरपीएफ की यह पहल केवल सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि जरूरतमंद बच्चों की मदद और यात्रियों की खोई हुई अमानत वापस पहुंचाने की मानवीय जिम्मेदारी का भी बेहतरीन उदाहरण है।