विशेष अभियान 6.0 के तहत उत्तर पश्चिम रेलवे के सभी मंडलों में रेल जन संवाद, यात्रियों से लिया फीडबैक

विशेष अभियान 6.0 के तहत उत्तर पश्चिम रेलवे के सभी मंडलों में रेल जन संवाद, यात्रियों से लिया फीडबैक

रेल जन संवाद से सुधरेंगी यात्री सुविधाएं

जयपुर। विशेष अभियान 6.0 के तहत उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर, अजमेर, जोधपुर और बीकानेर मंडलों के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर 22 अक्टूबर को ?रेल जन संवाद? कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों और आमजन से सीधा संवाद कर स्वच्छता, यात्री सुविधाओं और रेल यात्रा के दौरान आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम का उद्देश्य रेलवे परिसरों और ट्रेनों में साफ-सफाई को बेहतर बनाना तथा यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा। अधिकारियों ने यात्रियों से रेल परिसर को स्वच्छ रखने में सहयोग करने की अपील की। साथ ही, यात्रियों से प्राप्त सुझावों और शिकायतों की समीक्षा कर आवश्यक सुधार करने पर जोर दिया गया।

जयपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तर पश्चिम रेलवे के अपर महाप्रबंधक जे.एस. लाकरा और जयपुर मंडल रेल प्रबंधक रवि जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जयपुर मंडल के कुल 37 स्टेशनों पर रेल जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। अधिकारियों ने यात्रियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव प्राप्त किए।

अजमेर मंडल में 18 स्टेशनों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने अजमेर और ब्यावर रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों से संवाद किया। उन्होंने अजमेर से ब्यावर के बीच ट्रेन में यात्रा कर यात्रियों से सुविधाओं और समस्याओं के संबंध में फीडबैक भी लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जोधपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने यात्रियों और आमजन से बातचीत कर स्वच्छता का संदेश दिया। जोधपुर मंडल के कुल 18 स्टेशनों पर रेल जन संवाद आयोजित किया गया। वहीं, बीकानेर रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने यात्रियों से संवाद कर उनके सुझाव और समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, विशेष अभियान 6.0 के तहत रेल जन संवाद कार्यक्रमों से यात्रियों और रेलवे के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है। इससे स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने, समस्याओं की पहचान करने और यात्री सुविधाओं में सुधार करने में मदद मिलेगी। रेलवे का लक्ष्य यात्रियों के सहयोग से स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल यात्रा सुनिश्चित करना है।