राणा प्रतापनगर स्टेशन पर गूंजी किलकारी, रेलवे चिकित्सा टीम ने कराया सुरक्षित प्रसव; जच्चा-बच्चा स्वस्थ

उत्तर पश्चिम रेलवे के राणा प्रतापनगर रेलवे स्टेशन पर रेलवे चिकित्सा टीम की तत्परता और सूझबूझ से एक गर्भवती महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया। प्रसव के बाद मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं। आपात स्थिति में रेलवे चिकित्सा टीम ने समय पर सहायता पहुंचाकर मानवीय संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।

रेलवे के अनुसार, गुरुवार सुबह 10:55 बजे स्टेशन अधीक्षक को सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 19602 से यात्रा कर रही महिला यात्री रश्मि, पत्नी रतन प्रतापसिंह, निवासी बड़गांव को प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर तेज प्रसव पीड़ा हो रही है। सूचना मिलते ही रेलवे अस्पताल के प्रभारी डॉ. महेश चंद मीणा के निर्देश पर एंबुलेंस सहित चिकित्सा टीम तत्काल स्टेशन पहुंची।

चिकित्सा टीम में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. वीना गुप्ता, मुख्य नर्सिंग अधीक्षक राकेश शर्मा और ड्रेसर हरकेश मीणा शामिल रहे। टीम ने महिला की स्थिति को देखते हुए प्लेटफॉर्म पर ही आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था की और सुरक्षित प्रसव कराया। इसके बाद एंबुलेंस से मां और नवजात को एमबी अस्पताल पहुंचाया गया।

रेलवे चिकित्सा टीम की तत्परता की सराहना

आपात स्थिति में चिकित्सा टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपनी पेशेवर दक्षता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से सुरक्षित प्रसव संभव हो सका। रेलवे चिकित्सा टीम के इस प्रयास की सराहना की गई। स्टेशन पर बच्चे की किलकारी गूंजने से यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों के बीच राहत और खुशी का माहौल रहा।