लुधियाना से 15 दिनों में 82.6 टन पर्सिमन फल की रेल से ढुलाई, 6 शहरों तक पहुंचा माल

लुधियाना से 15 दिनों में 82.6 टन पर्सिमन फल की रेल से ढुलाई, 6 शहरों तक पहुंचा माल

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में फिरोजपुर मंडल की पहल से फल व्यापारियों को मिल रहा लाभ

फिरोजपुर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल में माल ढुलाई को बढ़ावा देने के प्रयास लगातार सफल हो रहे हैं। मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के विशेष प्रयासों से लुधियाना रेलवे स्टेशन से पर्सिमन फल की रेल मार्ग द्वारा ढुलाई की जा रही है। इसी क्रम में 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 तक मात्र 15 दिनों में 82.6 टन पर्सिमन फल देश के 6 प्रमुख शहरों तक पहुंचाया गया।

इस अवधि में लुधियाना रेलवे स्टेशन से विभिन्न ट्रेनों के माध्यम से 3,361 पैकेटों में पर्सिमन फल हावड़ा, कोलकाता, गुवाहाटी, पटना, सियालदह और बांद्रा टर्मिनस के लिए भेजा गया। रेल परिवहन के माध्यम से फल व्यापारियों को अपने उत्पाद देश के अलग-अलग बाजारों तक पहुंचाने का सुविधाजनक और भरोसेमंद विकल्प मिल रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (माल) परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि फिरोजपुर मंडल की विश्वसनीय और समयबद्ध माल परिवहन व्यवस्था व्यापारियों के लिए लाभकारी साबित हो रही है। रेलवे की इस पहल से कृषि उत्पादों को दूरस्थ बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिल रही है और व्यापारियों को अपने कारोबार का विस्तार करने के नए अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि फिरोजपुर मंडल माल यातायात बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण के अनुकूल परिवहन सेवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। रेलवे की बेहतर माल ढुलाई सुविधाएं व्यापारियों को आकर्षित कर रही हैं, जिससे रेल परिवहन के माध्यम से कारोबार को नई गति मिल रही है।