रेलवे स्टेशन पर अचानक बिगड़ी महिला की तबीयत, जीआरपी ने तत्काल पहुंचाया अस्पताल

कासगंज। घर से नाराज होकर निकली 31 वर्षीय महिला की शुक्रवार को कासगंज रेलवे स्टेशन पर अचानक तबीयत बिगड़ गई। चक्कर आने से वह प्लेटफार्म पर गिर पड़ी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने महिला पुलिसकर्मी की मदद से उसे एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया।

जीआरपी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 1:06 बजे यूपी-112 के माध्यम से सूचना मिली कि प्लेटफार्म संख्या दो-तीन पर एक महिला अचानक चक्कर खाकर गिर गई है। उस समय थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल पुलिसकर्मियों के साथ स्टेशन पर चेकिंग कर रहे थे। उन्होंने तत्काल महिला की स्थिति को देखते हुए उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

महिला की पहचान ढोलना थाना क्षेत्र के सिंघौला गांव निवासी ज्योति देवी पत्नी विष्णु (31) के रूप में हुई। पति विष्णु ने पुलिस को बताया कि ज्योति को पिछले कुछ समय से लो ब्लड प्रेशर की समस्या है। वह शुक्रवार को घर से नाराज होकर बिना बताए निकल आई थीं और कासगंज से ट्रेन के जरिए पटियाली स्थित अपनी मौसी के घर जाने के लिए स्टेशन पहुंची थीं। पत्नी के घर से निकलने की जानकारी मिलने पर वह भी उनकी तलाश कर रहे थे।

महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल, हेड कांस्टेबल वीरेश कुमार, हेड कांस्टेबल कामता प्रसाद, महिला हेड कांस्टेबल सोनी यादव और आरपीएफ के हेड कांस्टेबल रविंद्र कुमार की भूमिका रही। महिला के पति ने पुलिस की तत्परता और मानवीय मदद की सराहना की।