संविधान की प्रस्तावना पढ़कर अधिवक्ताओं ने लिया उसके मूल्यों के पालन का संकल्प

कासगंज। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी विधि विभाग के चेयरमैन सत्येंद्र पाल सिंह बैस एडवोकेट के कार्यालय पर गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें अधिवक्ताओं ने संविधान की महत्ता पर चर्चा की और प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कर उसके मूल्यों के पालन की शपथ ली।

गोष्ठी में सत्येंद्र पाल सिंह बैस ने कहा कि भारतीय संविधान देश की सर्वोच्च विधि है। इसकी प्रस्तावना में सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, स्वतंत्रता, समानता तथा बंधुता के आदर्श समाहित हैं। संविधान की सर्वोच्च शक्ति का स्रोत भारत की जनता है। संविधान निर्माताओं ने विभिन्न देशों के संवैधानिक अनुभवों का अध्ययन कर इसकी रचना की। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह संविधान का सम्मान करे और उसके मूल्यों का पालन करे।

उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव आंबेडकर की अध्यक्षता वाली प्रारूप समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिक अधिकारों का आधार है।

कार्यक्रम में कमल कुमार सिंह यादव, रोहित सक्सेना, अमित सोलंकी, फिरोज खान, संजय सोलंकी, कृष्णकांत, शिव प्रताप सिंह राठौर, गोविंद शर्मा, धारा सिंह, अंकित पाल, मोहित, अयोध्या प्रसाद, जितिन मौर्य, अश्वनी कुमार बघेल, अब्दुल मावूद और अनमोल सहित अधिवक्ता मौजूद रहे।