राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह के अतिथियों के लिए चली हेरिटेज स्पेशल ट्रेन

केवड़िया में आयोजित 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में शामिल पुरस्कार विजेताओं, फिल्म जगत के प्रतिष्ठित अतिथियों एवं विशिष्ट आमंत्रितों की सुविधा के लिए पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल द्वारा एकतानगर से वडोदरा के लिए हेरिटेज स्पेशल ट्रेन का संचालन किया गया।

विशेष ट्रेन एकतानगर स्टेशन से रात 9 बजे रवाना हुई। इस पहल का उद्देश्य अतिथियों को सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराने के साथ उन्हें भारतीय रेलवे की समृद्ध और गौरवशाली विरासत से परिचित कराना था।

हेरिटेज स्पेशल ट्रेन में आधुनिक सुविधाओं के साथ भाप इंजन के स्वर्णिम दौर की अनुभूति कराने की विशेष व्यवस्था की गई है। इलेक्ट्रिक प्रणाली से संचालित होने के बावजूद ट्रेन में भाप और धुएं का विशेष प्रभाव तथा हॉर्न की व्यवस्था की गई है। ट्रेन में छह कोच, पैंट्री सुविधा और आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी उपलब्ध हैं।

अहमदाबाद-एकतानगर स्टीम हेरिटेज स्पेशल ट्रेन संख्या 09409 प्रत्येक शनिवार और रविवार को सुबह 6:10 बजे अहमदाबाद से रवाना होकर सुबह 9:50 बजे एकतानगर पहुंचती है। वापसी में ट्रेन संख्या 09410 एकतानगर से रात 8:35 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 12:05 बजे अहमदाबाद पहुंचती है। दोनों दिशाओं में ट्रेन का ठहराव वडोदरा स्टेशन पर होता है।

ट्रेन में चार वातानुकूलित विस्टाडोम प्रकार के कोच हैं, जिनमें तीन वातानुकूलित कार्यकारी कुर्सीयान कोच और एक रेस्तरां डाइनिंग कार शामिल है।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2023 में एकतानगर से स्टीम हेरिटेज स्पेशल ट्रेन की शुरुआत की थी। यह ट्रेन भारतीय रेलवे की विरासत को प्रदर्शित करने और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह के अवसर पर इस विशेष ट्रेन का संचालन भारतीय सिनेमा और भारतीय रेल की गौरवशाली विरासत के बीच अनूठे समन्वय का अवसर बना। समारोह में शामिल अतिथियों के लिए यह यात्रा सुविधाजनक होने के साथ भारतीय रेलवे की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा यादगार अनुभव भी बनी।