राजेसुल्तानपुर, किछौछा, जहांगीरगंज, हंसवर और मकोइया में एक साथ चला जांच अभियान, बकायेदारों में मचा हड़कंप

आलापुर ( अम्बेडकर नगर ) | विद्युत विभाग ने बकाया बिजली बिलों की वसूली और विद्युत कनेक्शनों की जांच को लेकर बड़ी कार्रवाई की। विभाग की ओर से एक ही दिन में विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर 75 विद्युत उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए गए, जबकि बकायेदारों से सात लाख रुपये की वसूली की गई। विभाग की इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा।

अधिशासी अभियंता ए.के. यादव ने बताया कि उपखंड अधिकारी राधा सिंह एवं विनोद राणा के नेतृत्व में राजेसुल्तानपुर, किछौछा, जहांगीरगंज, हंसवर और मकोइया क्षेत्रों में एक साथ विद्युत कनेक्शनों की जांच और बकाया बिलों की वसूली के लिए अभियान चलाया गया। इस दौरान बकाया जमा न करने वाले 75 उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काटे गए। वहीं, विद्युत बकायेदारों से कुल सात लाख रुपये की वसूली की गई।

अधिशासी अभियंता ए.के. यादव ने स्पष्ट किया कि विद्युत विभाग की ओर से आगे भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे वैध विद्युत कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करें तथा अपने बिजली बिलों का भुगतान समय से करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा या विभागीय कार्रवाई से बचा जा सके।