फैजाबाद-गोरखपुर शिक्षक एमएलसी चुनाव में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार, आलापुर में 80 फीसदी मतदान

आलापुर (अंबेडकरनगर)। फैजाबाद-गोरखपुर खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। आलापुर में दोपहर तीन बजे तक कुल 149 मतदाताओं में से 120 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह यहां करीब 80.5 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। चुनाव में भाजपा के ध्रुव त्रिपाठी, सपा के डॉ. संजयन त्रिपाठी और निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव उर्फ राजू यादव के बीच मुकाबला दिलचस्प होता नजर आ रहा है।

चुनाव मैदान में भाजपा ने ध्रुव त्रिपाठी पर भरोसा जताया है, जबकि समाजवादी पार्टी की ओर से डॉ. संजयन त्रिपाठी प्रत्याशी हैं। वहीं, निर्दलीय उम्मीदवार राजीव यादव उर्फ राजू यादव भी मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश में जुटे हैं। मतदान केंद्र पर तीनों प्रत्याशियों के समर्थकों की सक्रियता देखने को मिली। समर्थक अपने-अपने उम्मीदवार की जीत का दावा करते नजर आए।

इस चुनाव में प्रत्याशियों की व्यक्तिगत लोकप्रियता के साथ ही राजनीतिक दलों के संगठनात्मक कौशल और कार्यकर्ताओं की सक्रियता की भी परीक्षा हो रही है। मतदाताओं तक पहुंच बनाने और अपने पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंक दी है।

राजनीतिक हलकों में पार्टी के भीतर संभावित असंतोष, कार्यकर्ताओं की निष्क्रियता और आपसी खींचतान को लेकर भी चर्चाएं हैं। हालांकि, इन चर्चाओं का चुनावी नतीजों पर कितना असर पड़ेगा, यह परिणाम सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

फिलहाल मतदान केंद्र पर भाजपा, सपा और निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों की मौजूदगी के बीच मुकाबले को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। अब सबकी निगाहें चुनाव परिणाम पर टिकी हैं, जिससे साफ होगा कि मतदाताओं ने किस प्रत्याशी पर अपना भरोसा जताया है।