मोबाइल चलाने पर पिता ने डांटा तो ट्रेन पकड़कर भागा छात्र, कासगंज जीआरपी ने तलाश कर परिजनों को सौंपा

कासगंज। दिनभर मोबाइल में लगे रहने पर पिता की डांट से क्षुब्ध होकर घर से निकला 14 वर्षीय छात्र जीआरपी की सतर्कता से मिल गया। पुलिस ने पैसेंजर ट्रेन से छात्र को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

हाथरस जंक्शन के गांव भौपतपुर निवासी रघुवीर प्रजापति का 14 वर्षीय इकलौता पुत्र हरिओम सरस्वती इंटर कॉलेज हाथरस में कक्षा नौ का छात्र है। परिजनों के अनुसार, हरिओम पिछले कुछ समय से पढ़ाई छोड़कर लगातार मोबाइल चला रहा था। शनिवार सुबह पिता रघुवीर प्रजापति ने उसे पढ़ाई पर ध्यान देने की हिदायत देते हुए डांट दिया। इसी बात से नाराज होकर हरिओम बिना बताए घर से निकल गया।

काफी खोजबीन के बाद परिजनों को पता चला कि वह ट्रेन से कासगंज की तरफ गया है। सुबह करीब आठ बजे पिता रघुवीर प्रजापति कासगंज रेलवे स्टेशन पहुंचे और जीआरपी को सूचना दी। मामला संवेदनशील होने पर थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हाथरस की ओर से आ रही ट्रेनों में चेकिंग शुरू की।

सुबह 8.35 बजे पैसेंजर ट्रेन से हरिओम को सकुशल बरामद कर लिया गया। जीआरपी ने आवश्यक कार्रवाई के बाद बालक को उसके पिता रघुवीर प्रजापति, दादा गिर्राज सिंह और दादी चंद्रवती देवी के सुपुर्द कर दिया। तलाशकरने वाली टीम में थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल, मुख्य आरक्षी वीरेश कुमार और मुख्य आरक्षी हरिकेश कुमार गौतम शामिल रहे।