ट्रेन से उतरकर भटक गया पांच साल का बच्चा, जीआरपी ने 20 मिनट में सकुशल खोज निकाला

कासगंज। लालकुआ एक्सप्रेस में परिवार के साथ सफर कर रहा पांच साल का बच्चा परिजनों की आंख लगने के दौरान ट्रेन से उतरकर भटक गया। बच्चे के लापता होने की सूचना मिलते ही जीआरपी ने तलाश शुरू की और करीब 20 मिनट में उसे रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। बच्चे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और जीआरपी की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

नगला इमामवक्श निवासी अहमद शुक्रवार को अपनी पत्नी इमराना और पांच वर्षीय बेटे अरहान के साथ ट्रेन संख्या 15061 लालकुआ एक्सप्रेस से कासगंज से मानपुर नगरिया जाने के लिए ट्रेन में बैठे थे। ट्रेन चलने में समय था। इसी दौरान अहमद की आंख लग गई। इसी बीच अरहान बिना बताए ट्रेन से उतर गया और स्टेशन पर कहीं चला गया।

कुछ देर बाद अहमद की आंख खुली तो उन्होंने बेटे को ट्रेन में तलाश किया। बच्चे के नहीं मिलने पर स्टेशन पर भी आसपास तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने कासगंज रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी कर रहे जीआरपी पुलिसकर्मियों को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही जीआरपी ने स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्र में बच्चे की तलाश शुरू कर दी। करीब 20 मिनट की तलाश के बाद शाम 5.20 बजे बच्चे अरहान को रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया से सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद बच्चे को उसके परिजनों को सौंप दिया गया।

बेटे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने जीआरपी कासगंज की त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिसकर्मियों की सराहना की। बच्चे को तलाशने वाली टीम में थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल, कांस्टेबल विश्वजीत सिंह, कांस्टेबल संजय सिंह और महिला कांस्टेबल स्वाति शामिल रहीं।