मुरादाबाद में देर रात आग पर अग्निशमन विभाग ने पाया काबू, सीएफओ की निगरानी में टीम ने दिखाई शानदार तत्परता

मुरादाबाद में देर रात आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग ने बेहद तेज और प्रभावी कार्रवाई करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। थाना कोतवाली क्षेत्र के दास पीसीओ में रात करीब 23:32 बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन हैलेट रोड और कटघर से पांच अग्निशमन वाहन तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किए गए।

मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि दास पीसीओ और उसके बगल में स्थित विनायक गेस्ट हाउस के हिस्से में आग लगी हुई थी, जहां गद्दे रखे हुए थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय स्वयं मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी करते हुए टीम का उत्साह बढ़ाया।

अग्निशमन अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरी मेहनत, साहस और तत्परता के साथ आग बुझाने का अभियान चलाया। पांच अग्निशमन वाहनों की मदद से आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। टीम की त्वरित कार्रवाई से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

इस दौरान अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा और एफएसएसओ मोहित कुमार सहित अग्निशमन विभाग की टीम ने पूरी मुस्तैदी से मोर्चा संभाले रखा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी करते रहे।

सीएफओ डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग की टीम की मेहनत, तत्परता और समन्वित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि मुरादाबाद में आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग पूरी तरह तैयार और सतर्क है।