दशहरे से पहले सुरक्षा को लेकर अग्निशमन विभाग पूरी तरह मुस्तैद

दशहरे से पहले सुरक्षा को लेकर अग्निशमन विभाग पूरी तरह मुस्तैद

मुरादाबाद में दशहरा पर्व को लेकर अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। लाइनपार स्थित रामलीला ग्राउंड में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के आदेश एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अग्निशमन विभाग की टीम लगातार प्रमुख आयोजन स्थलों का निरीक्षण कर रही है।

इसी क्रम में अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने देर रात रामलीला मैदान का निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजन स्थल पर अग्निसुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियों को परखा।

इस दौरान ड्यूटी पर तैनात अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कर्मचारियों को पूरी सतर्कता, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए, ताकि दशहरा पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

दशहरे से पहले अग्निशमन विभाग की यह सक्रियता शहरवासियों के लिए सुरक्षित और शांतिपूर्ण पर्व का भरोसा मजबूत कर रही है।