मुरादाबाद में चलती रोडवेज बस में लगी आग, सीएफओ डॉ राजीव कुमार पाण्डेय ने 55 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला

मुरादाबाद। थाना मुंडापांडेय क्षेत्र के दलपतपुर ओवरब्रिज पर बुधवार को दिल्ली से बरेली जा रही रोडवेज बस में अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बस संख्या UP32MN9844 में करीब 55 यात्री सवार थे। आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन केंद्र कटघर प्रभारी मोहित कुमार अपने साथ दो अग्निशमन विभाग की गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग के कर्मियों के साथ राहत एवं बचाव कार्य की कमान संभाली। टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी 55 यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। बस चालक वसीम ने बताया कि टायर फटने के कारण बस में आग लगी थी।

वहीं, मौके पर पहुंचीं क्षेत्रीय प्रबंधक अम्बरीन अख्तर और उप मुख्य यांत्रिक अभियंता अनुराग यादव ने यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखते हुए उन्हें दूसरी रोडवेज बस में बैठाकर उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। अग्निशमन विभाग और रोडवेज अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित बचा लिए गए।