मुरादाबाद ट्रांसमिशन मंडल को मिला नया नेतृत्व, अमित झा ने संभाला अधीक्षण अभियंता का कार्यभार

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड के मुरादाबाद मंडल को नए अधीक्षण अभियंता के रूप में अमित झा का नेतृत्व मिला है। पदोन्नति के बाद अमित झा ने मुरादाबाद मंडल में ट्रांसमिशन अधीक्षण अभियंता का कार्यभार संभाल लिया है।

अमित झा इससे पहले गाजियाबाद में अधिशासी अभियंता के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। विभागीय पदोन्नति के बाद उन्हें मुरादाबाद मंडल में अधीक्षण अभियंता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यभार ग्रहण करने के दौरान निवर्तमान अधीक्षण अभियंता विनोद जसवाल ने अमित झा को कार्यभार सौंपा और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

अमित झा ने कार्यभार संभालने के बाद विभागीय व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने, विद्युत पारेषण व्यवस्था को मजबूत करने तथा उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर देने की बात कही। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और गुणवत्ता को प्राथमिकता दी जाएगी।

अमित झा की कार्यशैली को लेकर विभागीय स्तर पर भी सकारात्मक उम्मीदें जताई जा रही हैं। माना जा रहा है कि उनके अनुभव और नेतृत्व में मुरादाबाद ट्रांसमिशन मंडल में कार्यों को नई गति मिलेगी। ईमानदारी, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए वह विभागीय व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में काम करेंगे।