मुंबई में 29 नवंबर को मेगा ब्लॉक, मध्य रेलवे की लोकल ट्रेन सेवाएं होंगी प्रभावित

मुंबई में 29 नवंबर को मेगा ब्लॉक, मध्य रेलवे की लोकल ट्रेन सेवाएं होंगी प्रभावित

सीएसएमटी-विद्याविहार और ठाणे-वाशी/नेरुल के बीच रहेगा ब्लॉक, ट्रांस-हार्बर लाइन की कई सेवाएं रहेंगी रद्द

मुंबई। मध्य रेलवे के मुंबई मंडल की ओर से रविवार 29 नवंबर 2026 को विभिन्न इंजीनियरिंग और रखरखाव कार्यों के लिए मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान मुख्य लाइन पर सीएसएमटी-विद्याविहार के बीच अप और डाउन धीमी लाइन तथा ट्रांस-हार्बर लाइन पर ठाणे-वाशी/नेरुल के बीच अप और डाउन लाइनों पर रेल यातायात प्रभावित रहेगा।

मुख्य लाइन पर सुबह 10:55 से दोपहर 3:55 बजे तक ब्लॉक

सीएसएमटी से सुबह 10:48 बजे से दोपहर 3:45 बजे तक चलने वाली डाउन धीमी लाइन की ट्रेनों को सीएसएमटी और विद्याविहार के बीच डाउन तेज लाइन पर चलाया जाएगा। ये ट्रेनें भायखला, परेल, दादर, माटुंगा, सायन और कुर्ला स्टेशनों पर रुकेंगी। इसके बाद विद्याविहार में दोबारा धीमी लाइन पर आ जाएंगी।

वहीं घाटकोपर से सुबह 10:19 बजे से दोपहर 3:52 बजे तक चलने वाली अप धीमी लाइन की ट्रेनों को विद्याविहार और सीएसएमटी के बीच अप तेज लाइन पर चलाया जाएगा। इन ट्रेनों का ठहराव कुर्ला, सायन, माटुंगा, दादर, परेल और भायखला स्टेशनों पर रहेगा।

ट्रांस-हार्बर लाइन पर सेवाएं रहेंगी बंद

ठाणे और वाशी/नेरुल के बीच सुबह 11:10 बजे से शाम 4:10 बजे तक अप और डाउन ट्रांस-हार्बर लाइन पर मेगा ब्लॉक रहेगा। इस दौरान ठाणे से वाशी, नेरुल और पनवेल जाने वाली सुबह 10:35 बजे से शाम 4:07 बजे तक की सेवाएं रद्द रहेंगी।

इसी तरह पनवेल, नेरुल और वाशी से ठाणे जाने वाली सुबह 10:25 बजे से शाम 4:09 बजे तक की अप सेवाएं भी रद्द रहेंगी।

हालांकि सीएसएमटी-गोरेगांव और सीएसएमटी-पनवेल के बीच हार्बर लाइन तथा नेरुल/बेलापुर-उरण के बीच पोर्ट लाइन की सेवाएं रविवार की समय-सारणी के अनुसार चलेंगी।

मध्य रेलवे के अनुसार, रेल पटरियों, सिग्नलिंग और अन्य बुनियादी ढांचे के रखरखाव एवं यात्रियों की संरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह मेगा ब्लॉक आवश्यक है। रेलवे ने यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद जताया है।