मानावाला स्टेशन पर निर्माण कार्य, छह ट्रेनों के मार्ग बदले

जम्मू। फिरोजपुर मंडल के जालंधर कैंट-अमृतसर रेलखंड स्थित मानावाला स्टेशन पर लंबे लूप के निर्माण कार्य के चलते 21 से 27 सितंबर तक पीएनआई/एनआई ब्लॉक लिया जा रहा है। इसके कारण जम्मू मंडल से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों का संचालन निर्धारित मार्ग के बजाय परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा।

रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 22430 पठानकोट-दिल्ली एक्सप्रेस 21 से 27 सितंबर तक 25 सितंबर को छोड़कर छह फेरों में पठानकोट-मुकरियां-जालंधर कैंट-लुधियाना होकर चलेगी। वहीं गाड़ी संख्या 22429 दिल्ली-पठानकोट एक्सप्रेस 21 से 27 सितंबर तक 24 सितंबर को छोड़कर छह फेरों में लुधियाना-जालंधर कैंट-मुकरियां-पठानकोट होकर संचालित होगी।

गाड़ी संख्या 14803 भगत की कोठी-जम्मू तवी एक्सप्रेस 21 से 26 सितंबर तक छह फेरों में जालंधर कैंट-मुकरियां-पठानकोट होकर चलेगी। गाड़ी संख्या 14804 जम्मू तवी-भगत की कोठी एक्सप्रेस 21 से 27 सितंबर तक सात फेरों में पठानकोट-मुकरियां-जालंधर कैंट होकर संचालित होगी।

इसी तरह गाड़ी संख्या 18101 टाटानगर-जम्मू तवी एक्सप्रेस 23 और 25 सितंबर को जालंधर कैंट-मुकरियां-पठानकोट के परिवर्तित मार्ग से चलेगी। गाड़ी संख्या 18309 संबलपुर-जम्मू तवी एक्सप्रेस 24 सितंबर को जालंधर कैंट-मुकरियां-पठानकोट होकर संचालित की जाएगी।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की वर्तमान स्थिति और मार्ग की जानकारी रेल मदद हेल्पलाइन 139 या राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली के माध्यम से प्राप्त कर लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।