कटरा हेलीपैड टर्मिनल में तड़के लगी आग, कर्मचारियों और दमकल कर्मियों की तत्परता से बड़ा हादसा टला

कटरा। माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाए गए हेलीपैड टर्मिनल में रविवार तड़के करीब 3:15 बजे अचानक आग लग गई। घटना के समय टर्मिनल बंद था, जिससे किसी श्रद्धालु या अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग की जानकारी मिलते ही टर्मिनल के कर्मचारियों, सुरक्षाकर्मियों और अग्निशमन एवं आपात सेवा कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया।

संयुक्त प्रयासों से करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

आग की चपेट में आने से हेलीपैड टर्मिनल का एक हिस्सा प्रभावित हुआ। टिकट काउंटर पर रखे कुछ कंप्यूटर और पास स्थित एक दुकान भी आग से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद संबंधित अधिकारियों की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

हेलीपैड टर्मिनल माता वैष्णो देवी भवन जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण सुविधा केंद्र है। घटना के बाद सुरक्षा और अग्निशमन व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके। समय रहते आग पर काबू पाए जाने से बड़ा हादसा टल गया।