मां वैष्णो देवी के दरबार में बढ़ी श्रद्धालुओं की रौनक, 29 हजार भक्तों ने किए दर्शन; कटड़ा में लौटी चहल-पहल

कटड़ा। मां वैष्णो देवी के भक्तों के लिए अच्छी खबर है। रविवार को माता के दरबार की यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ सुचारू रूप से जारी रही। पारंपरिक मार्ग से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भवन की ओर बढ़ते रहे, जिससे आधार शिविर कटड़ा में भी एक बार फिर रौनक बढ़ने लगी है। श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही ने स्थानीय व्यापारी वर्ग को भी राहत दी है।

बीते सप्ताह हुई भारी बारिश से क्षतिग्रस्त हुए बैटरी कार मार्ग पर मरम्मत का काम तेजी से चल रहा है। इसके चलते फिलहाल इस मार्ग को श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए बंद रखा गया है और बैटरी कार सेवा भी स्थगित है। हालांकि, इसका यात्रा पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है। श्रद्धालु पारंपरिक मार्ग से माता के भवन की ओर पहुंच रहे हैं।

यात्रियों की सुविधा के लिए घोड़ा, पिट्ठू और पालकी जैसी सेवाएं उपलब्ध हैं। इसके साथ ही रोपवे सेवा का लाभ भी श्रद्धालु उठा रहे हैं। यात्रा मार्ग पर भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और लगातार ?जय माता दी? के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

रविवार को मौसम भी श्रद्धालुओं के साथ नजर आया। दोपहर तक मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। हालांकि, दोपहर बाद त्रिकूट पर्वत पर बादलों का डेरा जमने के कारण हेलीकॉप्टर सेवा को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। मौसम अनुकूल होने पर सेवा बहाल किए जाने की उम्मीद है।

माता के दरबार में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि शनिवार को करीब 29 हजार श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के चरणों में हाजिरी लगाई। रविवार को दोपहर तीन बजे तक ही करीब 15 हजार श्रद्धालु पंजीकरण कराकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला लगातार जारी रहा।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या से कटड़ा के बाजारों में भी रौनक लौटती दिखाई दे रही है। होटल, ढाबे, प्रसाद, पूजा सामग्री और अन्य कारोबार से जुड़े व्यापारियों के चेहरे पर भी खुशी नजर आ रही है। नवरात्र और आगामी त्योहारी सीजन से पहले यात्रा में आई यह बढ़ोतरी कटड़ा के कारोबार के लिए शुभ संकेत मानी जा रही है।

मां का दरबार भक्तों से गुलजार है और जय माता दी के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है।