जम्मू मंडल में पहली बार सीमेंट की रेल ढुलाई, कठुआ से अनंतनाग तक भेजी जाएगी खेप

जम्मू। जम्मू मंडल ने माल यातायात के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मंडल में पहली बार सीमेंट की रेल ढुलाई शुरू होने जा रही है। इसके तहत शहीद कैप्टन सुनील कुमार चौधरी कठुआ रेलवे स्टेशन से अनंतनाग रेलवे स्टेशन तक सीमेंट की खेप रेल मार्ग से भेजी जाएगी। इसके लिए एक बीसीएन रेक का इंडेंट लगाया गया है और 14 सितंबर से लोडिंग शुरू होगी।

जम्मू मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट लगातार उद्योग जगत से संपर्क कर नए माल यातायात को रेलवे से जोड़ने के प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में टीम ने गणपति सीमेंट, कठुआ के अधिकारियों के साथ कई दौर की बैठकें कीं और कंपनी को कश्मीर घाटी में अपने उत्पाद की आपूर्ति रेलवे के माध्यम से करने के लिए तैयार किया।

यह जम्मू मंडल के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि पहली बार मंडल के एक स्टेशन से उसी मंडल के दूसरे स्टेशन तक सीमेंट की खेप रेल से भेजी जाएगी। इसे मंडल के लिए एक नए उद्गम-गंतव्य मार्ग के रूप में भी देखा जा रहा है।

घाटी में निर्माण सामग्री की आपूर्ति को मिलेगी रफ्तार

रेलवे के अनुसार कंपनी ने बाजार की मांग के अनुसार आने वाले समय में इस माल यातायात को लगातार और अधिक मात्रा में जारी रखने का भरोसा दिया है। इससे कश्मीर घाटी में निर्माण कार्यों के लिए सीमेंट की आपूर्ति को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि पहली बार सीमेंट जैसा नया माल यातायात मंडल से जुड़ना बड़ी उपलब्धि है। यह फ्रेट मार्केटिंग टीम के लगातार प्रयासों का परिणाम है। रेलवे का उद्देश्य व्यापारियों को सुरक्षित, किफायती और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन विकल्प उपलब्ध कराना है।

कठुआ से अनंतनाग तक शुरू होने वाला यह नया माल परिवहन मार्ग जम्मू-कश्मीर में निर्माण सामग्री की आपूर्ति को मजबूत करने के साथ रेलवे के माल यातायात को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।