मध्य रेल की बड़ी उपलब्धि: येवला गुड्स शेड से पहली बार बांग्लादेश भेजा गया शीरा

मुंबई। मध्य रेल ने माल परिवहन और निर्यात के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। येवला गुड्स शेड से पहली बार बांग्लादेश के लिए निर्यात खेप रवाना की गई। 23 अक्टूबर 2026 को मेसर्स श्री लक्ष्मी एक्सपोर्ट्स द्वारा 2,714 टन शीरे से लदे 50 वैगनों को बांग्लादेश के बेनापोल के लिए भेजा गया। इस खेप से रेलवे को 1.11 करोड़ रुपये का मालभाड़ा राजस्व प्राप्त हुआ।

मध्य रेल के अनुसार, इस निर्यात खेप के लिए 2 अक्टूबर 2026 को इंडेंट पंजीकृत किया गया था। इसके साथ ही येवला गुड्स शेड से अंतरराष्ट्रीय माल परिवहन की नई शुरुआत हुई है।

अब तक येवला गुड्स शेड से मुख्य रूप से प्याज और मक्का का परिवहन किया जाता रहा है। शीरे की निर्यात खेप की सफल बुकिंग से मालभाड़ा व्यवसाय को मजबूती मिलने के साथ नए व्यापारिक अवसर भी खुलेंगे। इससे रेल आधारित माल परिवहन को बढ़ावा देने और रेलवे के राजस्व में वृद्धि करने में मदद मिलेगी।

यह उपलब्धि मध्य रेल की व्यवसाय विकास इकाइयों की पहल को भी दर्शाती है। इन इकाइयों के माध्यम से नए माल यातायात की पहचान कर निर्यात आधारित परिवहन को रेलवे की ओर आकर्षित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील नीला ने बताया कि यह पहल रेलवे की माल परिवहन क्षमता बढ़ाने और नए राजस्व स्रोत विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।