मंडल रेल प्रबंधक ने प्रयागराज जंक्शन और नेताजी एक्सप्रेस में यात्रियों से किया संवाद

मंडल रेल प्रबंधक ने प्रयागराज जंक्शन और नेताजी एक्सप्रेस में यात्रियों से किया संवाद

रेल जन संवाद में यात्रियों से लिया फीडबैक

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में ?रेल जन संवाद? कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान रेल अधिकारियों ने यात्रियों से सीधे बातचीत कर साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं और यात्रा के दौरान आने वाली समस्याओं के संबंध में सुझाव एवं प्रतिक्रियाएं प्राप्त कीं।

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व में प्रयागराज जंक्शन पर यात्रियों से संवाद किया गया। उन्होंने यात्रियों के यात्रा अनुभवों, समस्याओं और सुझावों को सुना। इसके साथ ही गाड़ी संख्या 13051 नेताजी एक्सप्रेस में यात्रियों से बातचीत कर ट्रेन में साफ-सफाई और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। प्राप्त फीडबैक के आधार पर आवश्यक सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक एम.एम. वारिस और वरिष्ठ मंडल गृह एवं रखरखाव प्रबंधक विक्रम सिंह कोली मौजूद रहे।

इसी क्रम में प्रयागराज छिवकी जंक्शन पर अपर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार ने यात्रियों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। मानिकपुर जंक्शन पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) शीरत फातिमा ने यात्रियों से बातचीत कर उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।

फतेहपुर जंक्शन पर वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता ने यात्रियों से संवाद किया। वहीं, कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर सहायक वाणिज्य प्रबंधक पवन कुमार और सहायक पर्यावरण एवं रखरखाव प्रबंधक अनुराग चौधरी ने यात्रियों से बातचीत कर स्टेशन की साफ-सफाई और यात्री सुविधाओं के संबंध में सुझाव लिए।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, रेल जन संवाद का उद्देश्य यात्रियों की समस्याओं को समझकर उनका समाधान करना और सेवाओं में निरंतर सुधार लाना है। यात्रियों से प्राप्त सुझावों के आधार पर सुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि रेल यात्रा को अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया जा सके।