बैंक कॉलोनी में आठवीं बार विराजे गणपति बप्पा, नौ दिनों तक होगी पूजा-अर्चना

मुरादाबाद। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर बैंक कॉलोनी में लगातार आठवें वर्ष भगवान गणेश की स्थापना की गई। गणपति बप्पा के आगमन के साथ ही कॉलोनी में भक्तिमय माहौल बन गया और श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान गणेश का स्वागत किया।

भगवान गणेश की प्रतिमा को कॉलोनी में लाने और स्थापना की तैयारियों में अतुल दिवाकर, कार्तिक दिवाकर, शिखा दिवाकर समेत अन्य लोगों का विशेष सहयोग रहा। आयोजकों ने बताया कि लगातार आठ वर्षों से गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान गणेश की स्थापना की जा रही है और इस परंपरा को इस वर्ष भी उत्साह के साथ आगे बढ़ाया गया है।

आयोजकों के अनुसार अगले नौ दिनों तक भगवान गणेश की नियमित पूजा-अर्चना और सेवा की जाएगी। कॉलोनी के लोग इस दौरान श्रद्धा और उत्साह के साथ गणपति बप्पा की आराधना करेंगे। इसके बाद 22 सितंबर को भगवान गणेश की प्रतिमा को गंगा जी ले जाकर विधि-विधान के साथ विसर्जित किया जाएगा।

गणपति बप्पा के आगमन से बैंक कॉलोनी में उत्सव और भक्ति का माहौल बना हुआ है।