बावन के डिस्कवरी इंटरनेशनल स्कूल में शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम, पांच क्षेत्रों के शिक्षकों ने लिया हिस्सा, एक दूसरे से सीखने का मिला अवसर

हरदोई। बावन स्थित डिस्कवरी इंटरनेशनल स्कूल में पांच नवंबर को एसोसिएशन ऑफ मुस्लिम प्रोफेशनल्स (एएमपी), डिस्कवरी इंटरनेशनल स्कूल और ग्लोबल केयर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें हरदोई, पिहानी, गोपामऊ, बावन और बिलग्राम के विभिन्न स्कूलों से आए शिक्षकों और स्कूल स्टाफ ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मनोवैज्ञानिक, काउंसलर, लाइफ कोच और पर्सनैलिटी ट्रेनर समीना सईद अल्वी रही। उन्होंने शिक्षकों की जिम्मेदारियों, व्यक्तित्व विकास, संवाद के बेहतर तरीकों और बच्चों के साथ सकारात्मक व्यवहार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल बच्चों को शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और भविष्य को संवारने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रशिक्षण सत्र का संचालन अकादमिक ट्रेनर, काउंसलर, रिसर्च स्कॉलर और मुंबई के एक प्रतिष्ठित मैनेजमेंट संस्थान में असिस्टेंट प्रोफेसर फरहत मनियार ने किया। उन्होंने आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, कक्षा प्रबंधन, बच्चों को प्रभावी ढंग से पढ़ाने और शिक्षकों की व्यावसायिक दक्षता बढ़ाने से जुड़ी जानकारियां साझा की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को शिक्षण के नए तरीकों से परिचित कराना, उनकी क्षमता और कौशल का विकास करना तथा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना रहा। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए शिक्षकों को अपने अनुभव साझा करने और एक-दूसरे से सीखने का अवसर भी मिला।
आयोजकों ने कहा कि बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए शिक्षकों का निरंतर प्रशिक्षण जरूरी है। ऐसे कार्यक्रम शिक्षकों को नई तकनीकों और पद्धतियों से जोड़ने में सहायक होते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।